बस्ती/पूर्वांचल। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अचानक पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी बस्ती, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और सोनभद्र के पेट्रोल पंपों पर भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थिति यह है कि अधिकांश पंपों पर 'नो स्टॉक' के बोर्ड लटक गए हैं, और जहां तेल मिल रहा है, वहां किलोमीटर लंबी लाइनें लगी हुई हैं।
बस्ती में राशनिंग लागू: बाइक को 200 तो कार को 1000 का ही तेल
ईंधन की भारी किल्लत और जमाखोरी को रोकने के लिए बस्ती जिले में तेल की बिक्री पर सीमा (रैशनिंग) तय कर दी गई है। प्रशासन के निर्देशानुसार, अब पेट्रोल पंपों पर बाइक सवारों को अधिकतम 200 रुपये और कार चालकों को केवल 1000 रुपये तक का ही तेल दिया जा रहा है। इस फैसले से आम जनता और लंबी दूरी तय करने वाले मुसाफिरों की मुश्किलें बेहद बढ़ गई हैं।
महराजगंज-कुशीनगर में हालात बेकाबू, ट्रैक्टर-ड्रम लेकर पहुंचे किसान
सबसे बदतर हालात महराजगंज जिले में देखने को मिले, जहां कुल 149 पेट्रोल पंपों में से मात्र 20 पंपों पर ही तेल की उपलब्धता बची है। खेती-किसानी का सीजन होने के कारण किसान मंगलवार देर रात से ही ट्रैक्टरों में 3-3 बड़े ड्रम और डिब्बे लादकर पंपों पर कतारों में डटे हुए हैं। सुबह 4 बजे से लाइन में लगे किसान तेजू यादव ने बताया, "घंटों इंतजार के बाद भी भरोसा नहीं है कि नंबर आने तक डीजल मिलेगा या नहीं।"
बिजनौर डीएम पैदल पहुंचीं दफ्तर, जनता से की अपील
ईंधन संकट के बीच बिजनौर की जिलाधिकारी (DM) ने एक मिसाल पेश की। वह अपने सरकारी वाहन को छोड़कर अपने आवास से कलेक्ट्रेट दफ्तर तक पैदल चलकर पहुंचीं। डीएम ने आम जनता से अपील की है कि ईंधन की बचत करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट (सार्वजनिक वाहनों) का इस्तेमाल करें।
सियासत गर्म: खाद्य मंत्री ने राहुल गांधी के काफिले पर साधा निशाना
इस संकट पर प्रदेश के खाद्य एवं रसद नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय ने बयान जारी कर कहा, "राज्य में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। लोग पैनिक न हों और जरूरत के मुताबिक ही तेल लें।" इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ वैश्विक ईंधन संकट चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी रायबरेली में 100 गाड़ियों का काफिला लेकर घूम रहे हैं। ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित सोचना चाहिए।
तेल कंपनियों का दावा: 'सप्लाई पूरी तरह सामान्य'
दूसरी ओर, यूपी के राज्य स्तरीय समन्वयक (तेल उद्योग) के कार्यकारी निदेशक संजय भंडारी ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिपो और टर्मिनलों पर पेट्रोल-डीजल और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और रिटेल आउटलेट्स तक सप्लाई लगातार भेजी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ